अंचल में आने वाले डोल ग्यारस और गणेश विसर्जन के पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा प्रबंध पुख्ता करने शुरू कर दिए हैं। सोमवार की शाम पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया भारी पुलिस बल के साथ शहर के व्यस्ततम बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च करने उतरीं।
माधव चौक पर यातायात सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जब एसपी माधव चौक पर पहुंचीं, तो वहां दुकानों के आगे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने यातायात प्रभारी रणवीर यादव को मौके पर ही पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही बाजारों में सुचारू आवागमन बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा गया।
नागरिकों से संवाद और पुलिसकर्मियों को निर्देश
पैदल गश्त के दौरान पुलिस मुखिया ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने सभी से अपील की कि पर्वों के दौरान आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। इसके साथ ही समस्त थाना प्रभारियों को अपने इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने और वाहनों की सघन चेकिंग करने के आदेश दिए गए हैं।
विसर्जन और डोल ग्यारस की व्यापक तैयारियां
शिवपुरी में गणेश विसर्जन का पर्व बड़े पैमाने पर मनाया जाता है जिसमें शहर के विभिन्न मार्गों से झांकियां और डीजे-बैंड के साथ प्रतिमाएं निकलती हैं। कस्टम गेट पर लगने वाले मुख्य मंच और कार्यक्रमों में हजारों की भीड़ जुटती है, जो देर रात तक चलती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तय किए गए रूटों और विसर्जन स्थलों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात करने की रूपरेखा तैयार कर ली है।
प्रशासन ने आमजन से आग्रह किया है कि प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए और गहरे पानी में जाने से बचा जाए। इस दौरान सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, रक्षित निरीक्षक गायत्री इटोरिया और सूबेदार प्रियंका घोष सहित प्रमुख पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!