मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और आए दिन लगने वाले जाम से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। हाल ही में आयोजित दिशा की बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शहर के ट्रैफिक में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए थे, जिसके बाद यह नया ट्रैफिक प्लान सामने आया है।

प्रमुख मार्गों का निरीक्षण और चिन्हित किए गए क्षेत्र

योजना को अमली जामा पहनाने के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस और नगर पालिका के अमले ने शहर के व्यस्ततम इलाकों का संयुक्त दौरा किया। इस टीम ने कोर्ट रोड, गांधी चौक, माधव चौक, पुराने बस स्टैंड तथा गुरुद्वारा चौक जैसे मुख्य मार्गों का जायजा लिया और दुकानों के बाहर फैलाए गए अस्थाई अतिक्रमण को चिन्हित किया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि वे स्वतः ही अपना सामान अंदर कर लें।

ठंडी सड़क और सब्जी मंडी शिफ्ट होंगे ठेले-पटवा

नए प्लान के मुताबिक कोर्ट रोड पर लगने वाले तमाम हाथ ठेलों को वहां से हटाकर ठंडी सड़क पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके साथ ही कोर्ट रोड से टेकरी की तरफ जाने वाले मार्ग को भी पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। वहीं गांधी चौक पर दुकानें लगाने वाले पटवाओं को अब कोर्ट रोड स्थित पुरानी सब्जी मंडी के पास जगह दी जाएगी ताकि वहां वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित हो सके।

कोर्ट रोड पर कारों की एंट्री पर पाबंदी

यातायात को सुचारू बनाने के लिए सबसे बड़ा बदलाव कोर्ट रोड पर किया गया है, जहां अब चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। कार चालकों की सुविधा और पार्किंग के लिए पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित राज पैलेस होटल के सामने खास जगह निर्धारित की गई है, ताकि लोग अपने वाहन वहां सुरक्षित खड़े कर सकें।

इसके अलावा, शहर के प्रमुख केंद्र माधव चौक पर मिठाई और जूस की दुकानों के बाहर सफेद लाइन से मार्किंग की जाएगी और बैरिकेड्स लगाए जाएंगे। नियम तोड़ने और तय सीमा के बाहर वाहन पार्क करने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख से शहर की सड़कों पर जल्द ही जाम से मुक्ति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।