ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले में किसानों को कृषि उपकरणों की जानकारी देने वाले एक युवा यूट्यूबर को ट्रैक्टर के हुड की क्वालिटी पर वीडियो बनाना महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद एक स्थानीय दुकानदार ने उसे फोन पर धमकाया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला

ग्राम ठर्रा के रहने वाले और वर्तमान में हनुमान कॉलोनी में निवास करने वाले 22 साल के राहुल धाकड़ यूट्यूब पर किसानों के लिए जागरूकता से जुड़े वीडियो बनाते हैं। उन्होंने 15 सितंबर को किसानों को धूप और बारिश से बचाने वाले ट्रैक्टर के हुड की गुणवत्ता को लेकर एक समीक्षा वीडियो तैयार किया था।

राहुल ने अपने वीडियो में एक ट्रैक्टर पर लगे हुड की क्वालिटी को खराब बताते हुए किसानों को खरीदारी के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी थी। इस वीडियो को उन्होंने रात के समय अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर अपलोड कर दिया था।

दुकानदार ने फोन कर की अभद्रता

यूट्यूबर के मुताबिक, वीडियो में जिस ट्रैक्टर के हुड की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे, उसे नेपाल सिंह धाकड़ की दुकान से खरीदा गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर आने के अगले दिन यानी 16 सितंबर की सुबह करीब 8:51 बजे नेपाल सिंह ने राहुल के नंबर पर कॉल किया।

शिकायत में बताया गया है कि फोन पर बातचीत के दौरान नेपाल सिंह ने वीडियो सोशल मीडिया पर डालने को लेकर नाराजगी जताई। जब राहुल ने स्पष्ट किया कि उसने वीडियो में किसी का नाम नहीं लिया है, तो आरोपी ने कथित तौर पर अभ्रदता और गाली-गलौज शुरू कर दी।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

विरोध करने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने से डरे यूट्यूबर ने पूरी बातचीत अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली थी। इसके बाद राहुल ने उस ऑडियो रिकॉर्डिंग को पेन ड्राइव में सेव किया और सीधे कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

कोतवाली पुलिस ने पीड़ित यूट्यूबर की शिकायत और उपलब्ध कराई गई कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी नेपाल सिंह धाकड़ के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।