पनिहारा तिराहा पर हुआ हादसा
शिवपुरी जिले के खनियाधाना कस्बे में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मजदूरी कर रहे एक युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना पनिहारा तिराहा की है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय हेमंत रजक पुत्र गोपाल रजक के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर 6 राजबाड़ा मोहल्ला का रहने वाला था और मजदूरी करके अपने परिवार का गुजर-बसर करता था।
ट्रक आगे बढ़ने से हुआ हादसा
सोमवार को हेमंत पनिहारा तिराहा पर कम्मा साहू के यहां खड़े ट्रक (क्रमांक RJ09GD8725) से सीमेंट की बोरियां उतारने का काम कर रहा था। इसी दौरान ड्राइवर ने ट्रक को थोड़ा आगे बढ़ा दिया।
ट्रक के आगे बढ़ते ही ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में हेमंत का हाथ आ गया। करंट का जोरदार झटका लगते ही वह असंतुलित होकर सीधे ट्रक से नीचे आ गिरा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
हादसे के वक्त मौके पर उसके अन्य साथी कमल रजक, फूल सिंह रजक और अवधेश रजक भी काम में जुटे हुए थे। उन्होंने तुरंत इस दुर्घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी, जिसके बाद बड़े भाई नीरज रजक और पिता गोपाल रजक तुरंत मौके पर पहुंचे।
परिजन अचेत अवस्था में हेमंत को तुरंत खनियाधाना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खनियाधाना पीएम हाउस भिजवा दिया है। मृतक के भाई नीरज रजक की मौखिक सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!