नदी के तेज बहाव में हो गया था लापता

शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सिकराऊदा गांव में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया था। यहां 21 वर्षीय राम पुत्र राजू रावत उफनती नदी का रपटा पार कर रहा था, तभी पानी के तेज बहाव में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बह गया।

विधायक और एसडीईआरएफ ने की थी तलाश

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के साथ एसडीईआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया। शनिवार को भी पूरे दिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल सका। इस दौरान पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

जलस्तर कम होने पर मिला शव

रविवार की सुबह जब नदी का जलस्तर कुछ कम हुआ, तब ग्रामीणों ने घटना स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गहलोनी के पास नदी के किनारे एक शव देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सिरसौद थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।