फसल के बंटवारे को लेकर हुआ खूनी विवाद

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिजौदा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मक्के की फसल और जमीन के बटवारे को लेकर हुए विवाद में एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

घटना शुक्रवार की है जब 26 वर्षीय घनश्याम रघुवंशी खेत में ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके बड़े भाई चंद्रभान रघुवंशी ने पीछे से उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण घनश्याम की मौके पर ही सांसें थम गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चंद्रभान घटनास्थल से भाग निकला।

भाई के घर रुका था मृतक, अगली सुबह कर दिया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक घनश्याम अविवाहित था और अपनी मां के साथ गुना में रहता था, क्योंकि बड़े भाई का मां से भी विवाद रहता था। फसल के बटवारे के सिलसिले में ही घनश्याम गुरुवार को रिजौदा गांव आया था। गांव पहुंचने के बाद वह अपने बड़े भाई चंद्रभान उर्फ चंदा रघुवंशी के घर ही रुका था और उसने वहीं रात बिताई व खाना खाया था।

करीब छह महीने पहले दोनों भाइयों के बीच जमीन का बटवारा हो चुका था, लेकिन खेत में खड़ी मक्के की फसल का बटवारा होना अभी बाकी था। इसी सिलसिले को सुलझाने के लिए शुक्रवार को दोनों भाई खेत पर पहुंचे थे, जहां यह खूनी संघर्ष हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी

कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती तफ्तीश में हत्या की मुख्य वजह जमीन और फसल का विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी चंद्रभान के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शुक्रवार शाम को ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाकर मृतक घनश्याम का शव उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अब फरार चल रहे आरोपी भाई की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।