शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में पार्षद नीतू शर्मा के घर हुई करीब 25 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात का मास्टरमाइंड अभी पुलिस की तलाश में है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 23 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 85 हजार रुपये नकद, चोरी में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक और तिजोरी बरामद कर ली है।

पहले की रेकी, फिर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना 24 जून की रात कृष्णगंज स्थित पार्षद नीतू शर्मा के घर हुई थी। बदमाश घर का ताला तोड़कर करीब तीन क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी उठाकर ले गए थे, जिसमें लाखों रुपये के जेवर और नकदी रखी थी।

घर आने-जाने वाले ने दी अंदर की जानकारी

जांच में सामने आया कि आरोपी रामेश्वर गोस्वामी का पार्षद के घर नियमित आना-जाना था। इसी दौरान उसने घर की गतिविधियों, तिजोरी की स्थिति और परिवार के बाहर जाने की जानकारी जुटाई। जब पूरा परिवार यात्रा पर गया, तब गिरोह ने योजना के तहत चोरी को अंजाम दिया।

मास्टरमाइंड ने बनाई थी पूरी योजना

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस वारदात का मास्टरमाइंड राजू नामक आरोपी है, जिसने पूरी साजिश तैयार की थी। चोरी के बाद आरोपी तिजोरी को सुनसान स्थान पर ले गए, उसे तोड़ा और उसमें रखे जेवर व नकदी निकाल ली।

नाले में दबाकर छिपाए थे जेवर

चोरी के बाद आरोपी सोने-चांदी के आभूषण और नकदी को रामेश्वर गोस्वामी के खेत के पास स्थित एक नाले में मिट्टी के नीचे गाड़कर फरार हो गए थे, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दबिश देकर पूरा सामान बरामद कर लिया।

अवैध हथियार भी मिला

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आईटीआई कॉलेज के पीछे से रामनिवास मोगिया, श्रीवल्लभ उर्फ रनघोर पारदी और रामेश्वर गोस्वामी को गिरफ्तार किया। श्रीवल्लभ के कब्जे से एक अवैध देशी बंदूक भी बरामद हुई है। पुलिस फरार मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है।