स्थानीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में बुधवार शाम को 70वीं 17 वर्षीय बालक-बालिका राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन में मध्य प्रदेश के सभी 10 संभागों से आए लगभग 700 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए जुटे हैं।

बैंड की धुन पर हुआ शानदार मार्चपास्ट

प्रतियोगिता के पहले दिन सभी संभागों के प्रतिभागियों ने अपने-अपने संभाग के ध्वज और तख्तियां थामकर अनुशासित तरीके से मार्चपास्ट किया। सरस्वती विद्यापीठ स्कूल के बैंड दल की मधुर धुनों पर कदमताल करते हुए खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथियों को सलामी दी, जिससे पूरा परिसर खेलमय हो गया।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। संस्कार स्कूल की छात्राओं ने ‘म्हारो प्यारो राजस्थान’ गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि गुरुनानक स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘उतरें मुझमें आदि योगी’ गीत की धुन पर अद्भुत योग कला का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने कहा कि शिवपुरी को लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलना जिले के लिए बड़े गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से परिणाम की फिक्र किए बिना पूरी खेल भावना के साथ खेलने और शिवपुरी से सुखद यादें लेकर लौटने का आह्वान किया।

जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे और इसे जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अनुशासित ढंग से मुकाबले में भाग लेने की अपील की।

100 मीटर दौड़ के शुरुआती मुकाबले संपन्न

खेल स्पर्धाओं की शुरुआत के पहले दिन 100 मीटर दौड़ के हीट मुकाबले कराए गए। बालिका वर्ग में उज्जैन की मानसवी तिवारी ने 13.37 सेकंड का समय दर्ज करते हुए अगले दौर में अपनी जगह पक्की की। उनके अलावा नर्मदापुरम की रिचा स्वामी, उज्जैन की अकक्षिता, रीवा की स्नेहा यादव, भोपाल की जसटिना सोनवानी, इंदौर की स्तुति जैसवाल, ग्वालियर की आसी कसेरा और जनजातीय कार्य विभाग की सपना डाबर ने भी अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया।

वहीं बालक वर्ग में ग्वालियर के धार्मिक रघुवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11.61 सेकंड का समय निकाला। उनके साथ बबलू जमरा, बृजेश धुर्वे, अभयराज सिंह, कौशल ठाकुर, अर्णव श्रीवास्तव, अश्र महेश्वरी और आयुष लोधी ने भी अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

इस भव्य आयोजन के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय शर्मा, करैरा विधायक रमेश खटीक, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, भाजपा उपाध्यक्ष शिवम दुबे, विधायक प्रतिनिधि प्रशांत राठौर और पूर्व नगर उपाध्यक्ष संजय राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि और खेल अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।