शिवपुरी शहर के सिटी सेंटर कॉलोनी में एक व्यक्ति के घर पर फर्जी शादी का कार्ड दिखाकर धोखाधड़ी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को इस संबंध में 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सिटी सेंटर कॉलोनी के रहने वाले रामकुमार वर्मा (40) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 5 जुलाई की सुबह एक अनजान व्यक्ति उनके घर आया था। उसने रामकुमार को शादी का एक कार्ड दिया और उनसे कहा कि उनके मोबाइल से एक नंबर पर कॉल कर दें। जब कॉल नहीं लगी तो वह व्यक्ति वहां से चला गया।
इसके बाद 12 जुलाई की दोपहर को दो युवक फिर से रामकुमार के घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी बहन की शादी का कार्ड भेजने वाले व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया है। जब रामकुमार ने कहा कि अगर पुलिस को जानकारी चाहिए होगी तो वह खुद आ जाएगी, तभी वहां चार अन्य युवक भी आ धमके। इसके बाद सभी ने मिलकर रामकुमार पर उनका मोबाइल चेक करने का दबाव बनाया।
पुलिस का नाम लेकर दबाव बनाने का प्रयास
रामकुमार ने मोबाइल देने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि वह पुलिस बुला लेंगे। यह सुनकर सभी युवक वहां से भाग गए। इसके बाद रामकुमार ने अपने दोस्त रामगोपाल को बुलाया और दोनों ने मिलकर उन युवकों की तलाश शुरू की। सिटी सेंटर कॉलोनी में उन्हें छह युवक दिखाई दिए, लेकिन दोनों को देखते ही वे फिर से भाग खड़े हुए।
पीड़ित ने यह भी बताया कि उसी दिन दोपहर 2:17 बजे एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को थाने में बताते हुए उन्हें वहां बुलाया। जब रामकुमार ने कहा कि वह थाने पहुंच चुके हैं और सामने वाला भी आ जाए, तो कॉल काट दी गई।
रामकुमार वर्मा का आरोप है कि फर्जी शादी का कार्ड देकर, मोबाइल चेक करने का दबाव बनाकर और पुलिस का नाम लेकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश की गई थी। उनका मानना है कि यह किसी बड़ी धोखाधड़ी या अन्य वारदात को अंजाम देने की साजिश थी। उन्होंने पुलिस को फर्जी शादी का कार्ड भी सौंप दिया है। कोतवाली पुलिस ने 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!