शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र में करीब 35 दिन पहले हुई 50 लाख रुपए से अधिक की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच पुलिस ने संदेह के आधार पर एक फिजिकल ट्रेनर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जिसके बाद से मामला गरमा गया है।
एसपी ऑफिस पहुंची ट्रेनर की पत्नी
शनिवार को हिरासत में लिए गए ट्रेनर मोनू रजक की पत्नी रजनी रजक अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। रजनी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति को बिना किसी ठोस आधार के उठाया गया है और उनसे मिलने भी नहीं दिया जा रहा है।
महिला ने एसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वे लोग फिजिकल क्षेत्र में दौलत सिंह होटल के पीछे सोनू चौधरी के मकान में किराए से रहते हैं। 2 अक्टूबर को दोपहर के वक्त चौहान नामक पुलिसकर्मी उनके पति को अपने साथ ले गया था, जिन्हें तब से छोड़ा नहीं गया है।
मारपीट और झूठे केस में फंसाने का आरोप
रजनी रजक का आरोप है कि उनके पति को किसी अज्ञात स्थान पर रखकर प्रताड़ित किया जा रहा है और उन्हें इस बड़ी चोरी के मामले में झूठा फंसाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। महिला ने यह भी बताया कि उनके पति पेशे से फिजिकल ट्रेनर हैं और पुलिस विभाग के युवाओं को भी ट्रेनिंग देते हैं। उनका पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है।
बता दें कि संजय कॉलोनी निवासी मातादीन चौधरी के मकान में 28 और 29 अगस्त की दरमियानी रात को यह बड़ी वारदात हुई थी। अज्ञात चोर वहां से करीब 27 तोला सोना, 3 किलो चांदी के आभूषण और 4 लाख रुपए नकद चुरा ले गए थे। इस कुल चोरी की कीमत 50 लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई थी।
पुलिस का पक्ष और अब तक की कार्रवाई
घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी खुलासा न होने पर 15 सितंबर को अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने एसपी कार्यालय का रुख किया था। तब पुलिस ने आठ दिन के भीतर मामले का पर्दाफाश करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन समयासीमा निकल जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर फिजिकल थाना प्रभारी अविनाश सिंह राठौड़ ने स्पष्ट किया है कि फरियादी पक्ष ने ही उक्त युवक पर संदेह जताया था, जिसके आधार पर उसे केवल पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्होंने महिला द्वारा लगाए गए मारपीट के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!