एनएच-46 पर हुआ भयानक हादसा

रविवार को शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे-46 पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। भड़ौता ओवरब्रिज के समीप तेज रफ्तार बोलेरो का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क पर ही पलट गई।

इलाज कराकर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, अशोकनगर जिले के दमदमा चक्क गांव का एक परिवार राधे नाम के व्यक्ति के पीलिया का इलाज करवाने के सिलसिले में कोलारस के लेवा गांव पहुंचा था। रविवार को जब यह परिवार इलाज के बाद अपनी बोलेरो से वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में यह दुर्घटना घटित हुई।

स्थानीय लोगों ने की मदद

घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल भेज दिया गया।

इस दुर्घटना में घायल होने वालों में तीन साल के एक मासूम बच्चे के अलावा तूफान सहरिया, रामसिंह, तुलसा, भरोषा और राधे शामिल हैं। स्थानीय पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।