ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले में बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एनएच-46 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित कार ने सड़क पर मौजूद कई मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया।

सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत थाने से महज सौ मीटर की दूरी पर हुई। सुबह के वक्त सड़क पर अचानक आए गौवंश को बचाने के प्रयास में या तेज गति के कारण कार चालकों का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और उसने सीधे मवेशियों को टक्कर मार दी।

इस दर्दनाक टक्कर में तीन गाय और तीन बछड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा दो अन्य गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई।

पुलिस ने कार सवारों को सुरक्षित निकाला

घटना के तुरंत बाद जोरदार आवाज सुनकर सतनवाड़ा थाना प्रभारी भोलाराम पुरोहित अपनी पुलिस टीम के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के बाद कार में सवार दोनों लोग अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार दोनों व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो शिवपुरी से ग्वालियर की ओर जा रहे थे।

प्रशासनिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज

हादसे के बाद यातायात बाधित न हो, इसलिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृत गौवंश को सड़क से हटवाया। मृतकों में शामिल तीन गायों और तीन बछड़ों के शवों को स्थानीय स्तर पर गड्ढा खुदवाकर दफनाया गया, वहीं घायल दोनों गायों को इलाज के लिए भिजवाया गया।

इस मामले में पुलिस ने पशुपालक की आधिकारिक शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।