शिवपुरी जिले में सरकारी स्कूलों की स्थिति चिंताजनक है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर बैराड़ के तहसीलदार द्रगपाल सिंह बैश ने पोहरी विकासखंड के सड़ और ककरई गांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़ प्राथमिक विद्यालय की बदहाली देखकर वे हैरान रह गए।

सड़ प्राथमिक विद्यालय में शून्य उपस्थिति

सड़ प्राथमिक विद्यालय में कुल 33 छात्र पंजीकृत हैं, लेकिन निरीक्षण के समय एक भी छात्र स्कूल में मौजूद नहीं था। विद्यालय में केवल एक शिक्षक उपस्थित पाए गए। मध्यान्ह भोजन भी तैयार नहीं था, जिससे शिक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए।

तहसीलदार ने छात्रों की अनुपस्थिति और मध्यान्ह भोजन न बनने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने उपस्थित शिक्षक को कड़ी फटकार लगाई और छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने तथा शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।

ककरई स्कूल में भी कम मिली छात्र संख्या

इसके बाद तहसीलदार बैश ने ग्राम ककरई के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। ये दोनों विद्यालय एक ही भवन में चल रहे थे। यहां चार शिक्षक मौजूद थे, लेकिन छात्रों की संख्या अपेक्षा से काफी कम पाई गई।

ककरई स्कूल में भी छात्रों की कम उपस्थिति पर तहसीलदार ने शिक्षकों को हिदायत दी। उन्होंने शिक्षकों को छात्र उपस्थिति बढ़ाने और शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। यह निरीक्षण जिला कलेक्टर के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, आंगनबाड़ी और राशन दुकानों के औचक निरीक्षण के आदेशों की श्रृंखला में किया गया था।