शिवपुरी शहर के वार्ड नंबर-29 अंतर्गत आने वाले सईसपुरा क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर स्थानीय महिलाओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया। महिलाओं ने भाजपा की स्थानीय पार्षद मीना मुकेश बाथम पर क्षेत्र की अनदेखी करने और विकास कार्यों में भेदभाव बरतने के तीखे आरोप लगाए हैं।
पार्षद पर अपने घर के पास काम कराने का आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि पार्षद ने अपने घर के बाहर तो सीसी सड़क का निर्माण करवा लिया है और वहां स्ट्रीट लाइटें भी रोशन रहती हैं, लेकिन वार्ड की अन्य गलियों की हालत बेहद खराब है। गलियां खुदी पड़ी हैं और रात के समय अंधेरा छाया रहता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रहवासियों का कहना है कि करीब तीन साल पहले इलाके में पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए गलियों को खोदा गया था, जिसकी आज तक मरम्मत नहीं कराई गई। इस जर्जर सड़क और अंधेरे के कारण एक स्थानीय महिला के बेटे का हाथ तक फ्रैक्चर हो गया, जिसके इलाज में करीब सात हजार रुपए खर्च हुए। इसके अलावा महिलाओं ने राशन कार्ड न बनने की समस्या को लेकर भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी बात रखी।
वोट खरीदने जैसे गंभीर बयानों का लगाया आरोप
स्थानीय निवासियों का यह भी कहना है कि जब वे सड़क और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर पार्षद के पास जाते हैं, तो उन्हें उचित जवाब नहीं मिलता। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनसे कहा जाता है कि वोट पैसों से खरीदे गए हैं, इसलिए वे किसी प्रकार का विकास कार्य नहीं कराएंगी।
पार्षद बोलीं- ठेकेदार की लापरवाही से रुका है निर्माण
दूसरी ओर, इन तमाम आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए वार्ड पार्षद मीना मुकेश बाथम ने सफाई दी है कि क्षेत्र की कई गलियों में सड़क निर्माण के प्रस्ताव पहले ही पास हो चुके हैं और उनके वर्क ऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि ठेकेदार की लापारवाही के चलते पिछले तीन सालों से सड़कें नहीं बन पा रही हैं।
पार्षद ने स्पष्ट किया कि उनके घर के बाहर नवदुर्गा उत्सव के दौरान पांडाल लगाया गया था, जिसके कारण ठेकेदार ने केवल उतनी ही जगह पर सड़क बनाकर काम अधूरा छोड़ दिया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उनका मकान करीब 50 साल पुराना है, जिसका हाल ही में पुनर्निर्माण कराया गया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!