शिवपुरी जिले के बदरवास ब्लॉक में आजीविका मिशन की गतिविधियों को नजदीक से देखने के लिए एक विशेष एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरे में प्रदेश के 25 जिलों से आए आजीविका मिशन के जिला प्रबंधकों ने हिस्सा लिया।

वन स्टॉप फैसिलिटी और समूह की कार्यप्रणाली समझी

दौरे की शुरुआत में अधिकारियों के दल ने स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित वन स्टॉप फैसिलिटी का मुआयना किया। यहां उन्होंने समूहों के कामकाज के तौर-तरीकों और उनके द्वारा किए जा रहे प्रबंधकीय कार्यों की बारीकी से जानकारी जुटाई।

बूढ़ाडोंगर की गारमेंट फैक्ट्री का किया भ्रमण

वन स्टॉप फैसिलिटी का अवलोकन करने के बाद यह दल बदरवास के बूढ़ाडोंगर गांव पहुंचा। यहां अधिकारियों ने अडानी फाउंडेशन द्वारा संचालित गारमेंट फैक्ट्री का दौरा किया और स्थानीय स्तर पर महिलाओं को मिल रहे रोजगार के अवसरों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

फैक्ट्री परिसर में अधिकारियों ने वहां कार्यरत महिलाओं से सीधी बातचीत की। उन्होंने महिलाओं से उनके काम करने के अनुभव जाने और रोजगार से उनके जीवन में आ रहे आर्थिक बदलावों पर चर्चा की।

आजीविका गतिविधियों और आत्मनिर्भरता पर हुई चर्चा

भ्रमण के दौरान आजीविका गतिविधियों के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर चल रहे इन प्रयासों को अन्य जिलों में भी लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया।

इस एक्सपोजर विजिट के दौरान शिवपुरी जिले से डॉ. अरविंद भार्गव, कामना सक्सेना, अंकुर कुशवाहा, प्रमोद श्रीवास्तव, धर्मेंद्र उपाध्याय, राजकुमार शर्मा, प्रीति शर्मा, पंकज तिवारी और महेंद्र सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्व-सहायता समूह से जुड़ी दीदियां शिक्षा जाटव, गायत्री डांगी और कृष्णा कुशवाहा भी विशेष रूप से इस दल के साथ मौजूद रहीं।