शिवपुरी जिले के पिछोर इलाके में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित होने वाली उचित मूल्य दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान इन दुकानों पर भारी मात्रा में खाद्यान्न का स्टॉक कम मिला है।

एसडीएम ममता शाक्य ने दिए रिकवरी के निर्देश

पिछोर की एसडीएम ममता शाक्य ने चार अलग-अलग मामलों की सुनवाई और जांच के बाद सरकारी धन के दुरुपयोग और स्टॉक की हेराफेरी पर कड़ा रुख अपनाया है। प्रशासन ने चारों दुकानदारों से कुल 21 लाख 75 हजार 941 रुपए की राशि भू-राजस्व की बकाया राशि की तरह वसूलने के औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

चमरौआ और महोबा डामरौन की दुकानों में बड़ी गड़बड़ी

प्रशासनिक जांच के मुताबिक चमरौआ की राशन दुकान पर 196 क्विंटल खाद्यान्न कम पाया गया। इस गंभीर मामले में तत्कालीन संचालक सुरेंद्र यादव (निवासी पौठयाई) के विरुद्ध खनियाधाना थाने में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, और अब उनसे 9 लाख 73 हजार 642 रुपए की वसूली की जाएगी। वहीं महोबा डामरौन की दुकान की जांच में 245 क्विंटल खाद्यान्न की कमी मिली, जिस पर नोटिस का जवाब न देने के कारण दुकानदार जयकिशन लोधी और सह-दुकानदार संजीव लोधी पर 7 लाख 31 हजार 463 रुपए की रिकवरी तय की गई है।

बघरवारा और दुल्हई में भी हुई कार्रवाई

बघरवारा दुकान के निरीक्षण में 3,794 किलो गेहूं, 1,464 किलो चावल और 56 किलो नमक गायब मिला, जिसके चलते दुकानदार सतेंद्र लोधी से 1 लाख 65 हजार 632 रुपए वसूले जाएंगे। इसके अलावा दुल्हई दुकान के तत्कालीन संचालक जयकिशन लोधी द्वारा प्रभार न सौंपने और पीओएस मशीन में दर्ज 88.39 क्विंटल खाद्यान्न को खुर्द-बुर्द करने का मामला साबित होने पर उन पर 3 लाख 5 हजार 204 रुपए की देनदारी निकाली गई है।