अमोला थाना क्षेत्र की घटना
शिवपुरी जिले के अमोला थाना इलाके में स्थित एक लाइसेंसी शराब की दुकान पर कुछ लोगों ने अचानक धावा बोल दिया। दुकान के भीतर घुसकर तोड़फोड़ की गई और शराब की बोतलों में आग लगा दी गई। इस दौरान विरोध करने पर दुकान के कर्मचारियों के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की गई थी।
सरपंच और जनपद सदस्य भी शामिल
पुलिस की छानबीन में सामने आया कि इस उपद्रव में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम गणेशखेड़ा के सरपंच छोटेराजा गुर्जर (42) और ग्राम अमोलपठा के जनपद सदस्य दुष्यंत परमार (35) समेत कुल 21 आरोपियों को दबोच लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि इन सभी आरोपियों पर दुकान पर हमला करने के अलावा आबकारी विभाग के अमले के साथ मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं भी लगाई गई हैं। सभी आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पचावली शराब दुकान मामले में भी गिरफ्तारी
दूसरी ओर, जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पचावली गांव में भी शराब दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी की एक अन्य घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए लखन उर्फ किन्ना आदिवासी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पचावली कांड में पुलिस पहले ही 18 महिलाओं और 3 पुरुषों समेत 21 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस प्रकार क्षेत्र में शराब दुकानों को निशाना बनाने वाली घटनाओं में पुलिस अब तक ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां कर रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!