पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में हुआ आयोजन

ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले में मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया। स्थानीय पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पिछले एक साल के दौरान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 वीर जवानों के नामों का वाचन किया।

शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान

इस अवसर पर पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर वीर सपूतों को सलामी दी गई और उनके अदम्य साहस को याद किया गया। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए जिले के शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिन्हें आयोजन के दौरान सम्मानित भी किया गया।

क्यों मनाया जाता है 21 अक्टूबर को यह दिवस

गौरतलब है कि हर साल 21 अक्टूबर का दिन पुलिस स्मृति दिवस के रूप में निर्धारित है। इतिहास के अनुसार, 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सेना के अचानक हुए हमले का डटकर मुकाबला करते हुए हमारे 10 वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी।

इस श्रद्धांजलि सभा में जिला प्रधान न्यायाधीश राजेंद्र प्रसाद सोनी, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, डीएफओ सुधांशु यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति सहित तमाम पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अमला और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।