ग्वालियर-चंबल अंचल के शिवपुरी जिले के राजा की मुढ़ेरी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुरानी रंजिश और छप्पर में आग लगाने की बात को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो महिलाओं को लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से बुरी तरह पीट दिया गया।
रात के वक्त घर के बाहर हुई थी वारदात
यह पूरी घटना 21 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता रेखा कुशवाह अपनी जेठानी मिथलेश और सास चिरोंजी के साथ घर की पाटोर में सो रही थी। अचानक घर के सामने बने छप्पर में आग लगने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वे बाहर निकलीं।
बाहर आने पर उन्हें सत्यनारायण शर्मा, अमन शर्मा, अनिल शर्मा, श्याम शर्मा और अंकित शर्मा मौके पर खड़े मिले। जब मिथलेश ने उनसे छप्पर में आग लगाने को लेकर पूछताछ की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
कुल्हाड़ी के वार से महिला गंभीर रूप से घायल
शिकायत के अनुसार, अनिल शर्मा ने रेखा की पीठ और श्याम शर्मा ने उसकी जांघ पर लाठी से वार किया। बीच-बचाव करने आई मिथलेश पर सत्यनारायण ने कुल्हाड़ी से सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके अलावा अमन ने उसके दाहिने हाथ की उंगलियों पर कुल्हाड़ी से प्रहार किया और अंकित ने पीठ पर लाठी से हमला किया। इस हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए, जबकि आगजनी में रसोई और छप्पर का सामान जलकर खाक हो गया। इस हमले में मिथलेश के सिर पर 15 टांके आए हैं।
जून महीने में शुरू हुई थी पुरानी रंजिश
दोनों पक्षों के बीच रंजिश की जड़ें पिछले महीने जून में जुड़ी हैं, जब कुल्हाड़ी मांगने की बात पर पहली बार विवाद हुआ था। उस समय भी दोनों तरफ से लोग घायल हुए थे और पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की थी।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले में जेल गया आरोपी अमन शर्मा 19 अक्टूबर को ही जमानत पर गांव लौटा था। आरोप है कि उसने लौटते ही गांव में हवाई फायर कर दहशत फैलाई थी और उसके महज दो दिन बाद ही दोनों परिवार फिर से आमने-सामने आ गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पोहरी एसडीओपी आनंद राय ने किसी भी तरह के चक्काजाम की बात से इनकार किया है और पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!