शिवपुरी के स्थानीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित खेल महाकुंभ के दूसरे दिन गुरुवार को प्रदेशभर के विभिन्न संभागों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

100 मीटर स्पर्धा में भोपाल और उज्जैन के धावकों का जलवा

प्रतियोगिता के दौरान सबसे रोमांचक मुकाबला 100 मीटर दौड़ में देखने को मिला। बालक वर्ग में भोपाल के अर्णव श्रीवास्तव ने शानदार गति दिखाते हुए महज 11.67 सेकंड में दूरी तय कर पहला स्थान प्राप्त किया। इस स्पर्धा में उज्जैन के हर्ष माहेश्वर ने दूसरा और ग्वालियर के धार्मिक रघुवंशी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में उज्जैन की मनस्वी तिवारी ने बाजी मारी। उन्होंने 13.37 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस वर्ग में इंदौर की स्तुति जायसवाल दूसरे और ग्वालियर की आशी कसेरा तीसरे पायदान पर रहीं।

ऊंची कूद में तुषार और श्रद्धा ने लगाई सर्वश्रेष्ठ छलांग

फील्ड स्पर्धाओं के अंतर्गत ऊंची कूद मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने कड़ा मुकाबला किया। बालक वर्ग में उज्जैन के तुषार ने बेहतरीन छलांग लगाते हुए 1.86 मीटर की ऊंचाई पार कर पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में भोपाल की श्रद्धा सोनी ने 1.49 मीटर की छलांग लगाकर बाजी अपने नाम की।

चक्का फेंक प्रतियोगिता में शहडोल और भोपाल के खिलाड़ियों का दबदबा

डिस्कस थ्रो यानी चक्का फेंक स्पर्धा के परिणामों में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में शहडोल के रंजीत सिंह ने 28.55 मीटर दूर चक्का फेंककर प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में भोपाल की मीनाक्षी शिवाई ने 30.98 मीटर के शानदार थ्रो के साथ खिताब पर कब्जा जमाया।