शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखीं। इस दौरान इलाज के लिए राशि जारी कराने, त्योहारी सीजन में रोजी-रोटी बचाने और ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार की शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं।
किडनी मरीज के इलाज के लिए 10 लाख की मांग
उदयपुर से शिवपुरी पहुंची हर्षिता जोशी ने अपने माता-पिता युगल कुमार जोशी और मधु जोशी की ओर से आवेदन प्रस्तुत किया। उनका खाता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में संयुक्त रूप से संचालित है। परिवार ने बताया कि बैंक से वर्तमान में उन्हें हफ्ते में मात्र एक हजार रुपये ही मिल पा रहे हैं, जिससे गुजारा मुश्किल हो गया है।
आवेदनकर्ता के 72 वर्षीय पिता युगल कुमार जोशी पिछले चार वर्षों से गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और उदयपुर में उनका नियमित डायलिसिस चल रहा है। चिकित्सा खर्च का भुगतान करने के लिए परिवार ने बैंक खाते में जमा राशि में से दस लाख रुपये एकमुश्त प्रदान किए जाने की गुहार लगाई है।
दीपावली तक ठेला लगाने की अनुमति की गुहार
टेकरी रोड पर गर्ल्स स्कूल के समीप कारोबार करने वाले कपड़ा विक्रेताओं ने भी जनसुनवाई में अपनी पीड़ा सुनाई। दुकानदारों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से इसी स्थान पर ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। लगभग सात साल पहले जिला प्रशासन द्वारा ही उन्हें यह जगह आवंटित की गई थी, लेकिन अब उन्हें वहां से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
दुकानदारों ने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने आगामी दीपावली पर्व के लिए साहूकारों से कर्ज लेकर भारी मात्रा में कपड़ों की खरीदी की है। यदि इस समय उन्हें हटाया गया तो वे सड़क पर आ जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से आगामी दो महीनों के लिए उसी स्थान पर ठेला या टेबल लगाने की अनुमति देने का अनुरोध किया है।
पंचायत में गड़बड़ी और सुरक्षा की मांग
पोहरी विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सांपरवाड़ा के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में जनसुनवाई में पहुंचे। ग्रामीणों ने सरपंच मिथिलेश धाकड़ और सचिव रामभरत धाकड़ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि का आहरण तो कर लिया गया है, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। उन्होंने पंचायत भवन के निर्माण में भ्रष्टाचार, अधूरे रास्ते, पेयजल और बिजली संकट की शिकायत करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
इसके अलावा मगरौनी क्षेत्र की रहने वाली आशा बाई किन्नर ने भी सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने मोनिका किन्नर और अमित जाट सहित अन्य लोगों पर लगातार प्रताड़ित करने और झूठे मुकदमों में फंसाकर धमकाने का आरोप लगाया। पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में 29 सितंबर को मगरौनी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी जा चुकी है, जिस पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!