शिवपुरी जिले के बदरवास जनपद अंतर्गत बिजरौनी गांव के किसानों ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बायपास सड़क के निर्माण के लिए अपनी कृषि भूमि स्वेच्छा से दान कर दी है। यह कदम क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिख रहा है। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए कोलारस विधायक महेंद्र यादव ने अपनी विधायक निधि से एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।

इस बायपास के निर्माण हेतु सरकार को न तो भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा है और न ही किसानों को किसी प्रकार का मुआवजा देना होगा। ग्रामीणों ने अपनी कृषि भूमि सड़क निर्माण के लिए निःस्वार्थ भाव से प्रदान की है। किसानों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के पक्ष में विधिवत नोटरी भी करवाई है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में न तो वे और न ही उनके उत्तराधिकारी इस जमीन पर किसी भी प्रकार के मालिकाना हक या मुआवजे की मांग करेंगे।

मजबूत डामर सड़क का निर्माण

विधायक महेंद्र यादव द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये की राशि से जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है। ठेकेदार सड़क के केंद्रीय बिंदु से दोनों ओर 12-12 मीटर की चौड़ाई में भूमि का उपयोग कर एक मजबूत डामर सड़क का निर्माण करेगा। इस सड़क के बनने से भारी वाहनों का आवागमन भी काफी सुगम हो जाएगा, जिससे क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था में सुधार आएगा।

बायपास निर्माण के इस पुनीत कार्य में प्रकाश पुरी गोस्वामी, नंदराम किरार, बृजेश किरार, राजा भैया किरार, गिराज किरार, रमेश पटेल किरार और विजय सिंह किरार जैसे किसानों ने अपनी जमीन दान कर महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

तेरह साल पुराना सपना होगा साकार

ग्रामीणों के अनुसार, बिजरौनी गांव को लंबे समय से बरसात के मौसम में मुख्य मार्ग से कट जाने की समस्या का सामना करना पड़ता था, जिससे गांव एक टापू में तब्दील हो जाता था। इस कारण ग्रामीणों को चिकित्सा, शिक्षा और दैनिक आवश्यकताओं के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वर्ष 2013 में तत्कालीन विधायक स्वर्गीय राम सिंह यादव ने इस बायपास के निर्माण का प्रस्ताव रखा था।

अब लगभग 13 वर्षों के बाद, उनके पुत्र और वर्तमान कोलारस विधायक महेंद्र यादव इस लंबित योजना को साकार करने जा रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इस बायपास के बनने से बारिश के दिनों में भी गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क बना रहेगा, जिससे उनकी वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होगा और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।