ग्वालियर-चंबल अंचल के श्योपुर जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक घटना सामने आई है। यहां जिला मुख्यालय से लगे रायपुरा गांव के नजदीक रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे स्कूटी से घर वापस जा रही दो युवतियों के साथ रास्ते में छेड़छाड़ की गई।
मनिहारी का सामान बेचकर लौट रही थीं युवतियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां मनिहारी का सामान बेचने का काम करती हैं और शाम को अपना काम निपटाकर स्कूटी से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक ही बाइक पर सवार होकर आए तीन शोहदों ने उनकी स्कूटी के पास आकर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं।
हिम्मत दिखाकर एक आरोपी को दबोचा
हालात बिगड़ते देख युवतियों ने घबराने के बजाय साहस का परिचय दिया और आरोपियों का विरोध किया। उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए बाइक पर सवार तीन में से एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। युवतियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी दौड़कर वहां पहुंच गए।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए युवक को अपने कब्जे में लिया और तुरंत देहात थाना पुलिस को सूचना देकर उनके सुपुर्द कर दिया।
थानी पहुंचे ग्रामीण, कड़ी कार्रवाई की मांग
इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। भाजपा नेता रामलखन नापाखेड़ली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण देहात थाने पहुंचे और पुलिस के सामने रोष जताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस घिनौनी हरकत में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों के विरोध और युवतियों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसडीओपी आनंद राय ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा पकड़ कर सौंपा गया आरोपी नाबालिग है। वहीं इस वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!