श्योपुर जिले के विजयपुर थाना इलाके में शनिवार रात हथियारबंद बदमाशों ने दो पशुपालकों को निशाना बनाया। बाबू बाबा (कलपत बाबा) के जंगल से भैंस चराकर लौट रहे युवकों से नकदी, मोबाइल और सोने के आभूषण लूट लिए गए।
पशुपालकों से लूटी नकदी, मोबाइल और सोने की बाली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डाबीपुरा निवासी रिंकू कुशवाह और रामनिवास शनिवार रात करीब 8 बजे जंगल से वापस आ रहे थे। इसी दौरान दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोका। एक बदमाश के पास कट्टा (हथियार) था। उन्होंने दोनों युवकों से उनके मोबाइल फोन, नकदी और रिंकू के कान की सोने की बाली लूट ली।
इसके बाद बदमाशों ने रामनिवास को 10 हजार रुपए की व्यवस्था कर वापस आने की धमकी दी और छोड़ दिया। वहीं, रिंकू को अपनी बाइक पर बिठाकर जंगल के अंदर ले गए। वहां कट्टे की नोक पर रिंकू से उसके भाई को फोन करवाया और पूछा कि कितने लोग मौके पर आ रहे हैं।
ग्रामीणों और पुलिस की घेराबंदी से भागे बदमाश
जब रिंकू के भाई को यह पता चला तो उसने बताया कि सात मोटरसाइकिलों पर ग्रामीण जंगल की ओर बढ़ रहे हैं। यह सुनकर बदमाश घबरा गए। कुछ देर बाद जब पुलिस और ग्रामीणों की घेराबंदी की सूचना मिली तो आरोपी रिंकू को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में भाग गए।
सूचना मिलते ही विजयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। थाना प्रभारी राजन सिंह गुर्जर ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!