महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर श्योपुर जिलेभर में स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वर्तमान में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह गतिविधियां हुईं।

कलेक्ट्रेट से बस स्टैंड तक हुई सफाई

कलेक्टर शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत सरकारी दफ्तरों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई कार्य किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क तथा श्योपुर बस स्टैंड क्षेत्र में अधिकारियों और कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

जिला अस्पताल में रोपे गए पौधे

इसी क्रम में जिला चिकित्सालय श्योपुर में भी ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत कार्यक्रम संपन्न हुआ। अस्पताल परिसर स्थित पार्क की सफाई करने के बाद वहां पौधे रोपे गए, जिसमें चिकित्सकों और अस्पताल के अन्य स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. एसएन बिंदल ने कहा कि एक स्वच्छ और हरा-भरा अस्पताल परिसर मरीजों, उनके तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों को सकारात्मक वातावरण देता है। उन्होंने स्वच्छता को अपनी आदत में शुमार करने की बात कही।

गांधी पार्क में सर्वधर्म सभा और प्रभात फेरी

गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर शहर में प्रभात फेरी निकाली गई। स्थानीय गांधी पार्क में सर्वधर्म सभा का आयोजन किया गया, जिसमें गांधीवादी विचारकों और कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने शिरकत कर दोनों महान विभूतियों के योगदान को याद किया।