श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकला एक अफ्रीकी चीता लगातार पांचवें दिन भी रिहायशी बस्तियों और खेतों के आसपास विचरण करता देखा गया है। वन्यजीव की इस मूवमेंट से स्थानीय लोगों और किसानों में खौफ का माहौल बना हुआ है।

कई गांवों के खेतों में दिखा चीता

गुरुवार को इस चीते की मौजूदगी सोई, शंकरपुर, खुरकुरा, गोपालपुरा, गुरुनावदा और सोई की एकतापुरा बस्ती के पास स्थित खेतों में दर्ज की गई। चीता पिछले पांच दिनों से लगातार इसी क्षेत्र के आसपास डेरा डाले हुए है, जिससे आसपास के इलाकों में प्रशासनिक अमला भी मुस्तैद है।

सहमे किसान, खेतों में जाने से कर रहे परहेज

लगातार पांच दिनों से इलाके में चीता घूमने के कारण किसानों में भारी भय व्याप्त है। हालात यह हैं कि किसान अपनी फसलों की देखरेख के लिए खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। उन्हें आशंका है कि काम के दौरान अचानक चीते से आमना-सामना न हो जाए।

दूसरी तरफ, चीते की एक झलक पाने के लिए आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच रहे हैं। गुरुवार को भी खेतों में दौड़ते हुए चीते का एक वीडियो सामने आया, जिसके बाद उसे देखने वालों का तांता लग गया और भारी भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों ने की रेस्क्यू की मांग

वन विभाग की विशेष निगरानी टीमें लगातार लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और भीड़ न जुटाने की अपील कर रही हैं। हालांकि, पांच दिन बीत जाने के बाद भी चीते को सुरक्षित वापस कूनो नेशनल पार्क नहीं पहुंचाया जा सका है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगातार उमड़ रही भीड़ से वन्यजीव का व्यवहार भी प्रभावित हो सकता है, इसलिए वन विभाग को जल्द से जल्द इसका रेस्क्यू करना चाहिए।