श्योपुर जिले के बड़ौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके में सोमवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 22 वर्षीय युवक कपिल मीणा का अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने इस साजिश को अंजाम देने के लिए उसे ऑनलाइन सामान लेने के बहाने घर से बाहर बुलाया था।
दुकान के कर्मचारी को रास्ते में घेरा
अपहरण की इस घटना की शुरुआत तब हुई जब उतनवाड़ निवासी कपिल मीणा, जो बड़ौदा में ऑनलाइन दुकान का संचालन करता है, के पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने पहले ऑनलाइन सामान लेने की इच्छा जताई और फिर गाड़ी में पेट्रोल खत्म होने का हवाला देकर कपिल को खुद आने को कहा।
कपिल ने खुद जाने के बजाय अपनी दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी प्रमोद प्रजापति को सामान देने के लिए भेजा। जब प्रमोद उतनवाड़ गांव के पास पहुंचा, तो वहां देव रावत डांसर और ओकेन्द्र रावत समेत पांच लोगों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और कट्टा दिखाकर जबरन कार में बैठा लिया।
अलापुरा के पास से बाइक रोककर किया अगवा
कुछ ही देर बाद कपिल अपनी भतीजी और भांजी के साथ बाइक पर सवार होकर अलापुरा के पास से गुजर रहा था। घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसकी बाइक को रुकवा लिया। आरोपियों ने तुरंत दोनों बच्चियों और कर्मचारी प्रमोद को धक्का देकर अलग कर दिया और कपिल को जबरन अपनी कार में खींचकर साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग तुरंत बड़ौदा थाने पहुंच गए। पुलिस कार्रवाई में देरी और लापरवाही की आशंका को लेकर परिजनों ने थाने के भीतर जोरदार हंगामा किया, जिससे पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
पुलिस ने की नाकाबंदी, आरोपियों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया और सीमावर्ती इलाकों में सघन नाकाबंदी कर दी गई है। एसडीओपी अवनीत शर्मा ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और अपहृत युवक की बरामदगी के लिए विशेष टीमों का गठन कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!