श्योपुर नगर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में शाखा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला संघचालक गिर्राज सर्राफ और प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख रामवीर कौरव की गरिमामयी मौजूदगी रही।

व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र का सशक्त होना संभव

समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर संबोधित करते हुए प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख रामवीर कौरव ने कहा कि देश को मजबूत बनाने की प्रक्रिया व्यक्ति निर्माण से ही शुरू होती है। उन्होंने बताया कि संघ पिछले एक सदी यानी 100 वर्षों से लगातार शाखाओं के माध्यम से यही कार्य कर रहा है, जिससे समाज में सकारात्मकता आ रही है।

कौरव ने आगे कहा कि नियमित शाखा में आने से व्यक्ति के भीतर अनुशासन, नैतिक संस्कार, संगठनात्मक सोच और देश के प्रति अटूट समर्पण की भावना का विकास होता है, जो हर नागरिक के लिए आवश्यक है।

डॉ. हेडगेवार के विचारों को किया गया याद

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के आदर्शों और विचारों को भी साझा किया। उन्होंने 'हिंदू समाज का सुख ही मेरा सुख है' के मूल मंत्र को दोहराते हुए स्वयंसेवकों से अपील की कि वे आम जनता के सुख-दुःख में हमेशा सहभागी बनें और हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।

सामाजिक जीवन में सुधार लाने के लिए उन्होंने पंच परिवर्तन के सिद्धांतों को अपनाने पर विशेष बल दिया। इसके तहत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण की सुरक्षा, स्वदेशी व स्व का बोध तथा अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।

आगामी 18 अक्टूबर को निकलेगा कौमुदी पथ संचलन

कार्यक्रम के अंत में आगामी आयोजनों की जानकारी दी गई। श्योपुर नगर संघ के द्वारा आगामी 18 अक्टूबर 2026 को एक भव्य और विशाल कौमुदी पथ संचलन निकाले जाने की रूपरेखा तय की गई है, जिसकी तैयारियों में स्वयंसेवक अभी से जुट गए हैं।