श्योपुर जिले के तिल्लीडेरा गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में किसान की जान चली गई। खेत पर काम करते वक्त थ्रेसर मशीन में फंसने से 52 वर्षीय किसान की मौत हो गई।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश राठौड़ पुत्र अजमेर सिंह राठौड़ मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत पर थ्रेसर की मदद से बाजरा निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे चलती हुई मशीन की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूटी सांसें
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने के प्रयास किए। आनन-फानन में घायल किसान को श्योपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
ढोढर थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाजरा निकालते समय थ्रेसर में फंसने से किसान की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!