श्योपुर जिले में अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ स्थानीय प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को बड़ौदा तहसील अंतर्गत आने वाले बड़ोदिया घाट पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने औचक कार्रवाई को अंजाम दिया।

जेसीबी की मदद से किया गया नष्ट

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अमले ने घाट के पास अवैध रूप से डंप किए गए रेत के विशाल ढेरों को जेसीबी मशीनों की सहायता से पूरी तरह बर्बाद कर दिया। अधिकारियों के अनुसार यह स्टॉक करीब एक हजार ट्रॉली अवैध रेत का था।

जब्त किए गए इस अवैध रेत की अनुमानित कीमत बाजार में लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है, जिसे मौके पर ही मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया गया।

शीला दाहिमा और गगन सिंह मीणा के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर शीला दाहिमा के मार्गदर्शन और एसडीएम गगन सिंह मीणा के नेतृत्व में पूरी की गई। इस दौरान तहसीलदार सुरेश राठौर सहित बड़ौदा थाने का पुलिस बल और अन्य राजस्व कर्मचारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

अवैध कारोबारियों पर आगे भी जारी रहेगा शिकंजा

प्रशासनिक अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले की सीमाओं के भीतर अवैध रेत का उत्खनन, परिवहन या भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई का यह सिलसिला जारी रहेगा।