विजयपुर में अन्नदाताओं का फूटा गुस्सा

श्योपुर जिले के विजयपुर क्षेत्र में यूरिया और डीएपी जैसी जरूरी खाद की भारी कमी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में इस वक्त खाद की सख्त जरूरत है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति न मिलने के कारण किसानों को हर दिन सोसायटियों और दुकानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इसी व्यवस्था से तंग आकर शनिवार को किसानों ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया और सड़क पर उतर आए।

कुंवारी पुल पर जाम से थमी वाहनों की रफ्तार

शनिवार को सुबह से ही किसानों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने कुंवारी नदी के पुल पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण दोनों तरफ वाहनों लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और किसानों को समझाने-बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।

किसानों का आरोप है कि उन्हें समय पर और जरूरत के हिसाब से खाद नहीं मिल रही है, जिससे उनकी फसलों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। फसल बचाने की चिंता में बैठे किसानों ने मांग की है कि तुरंत प्रभाव से क्षेत्र में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें इस संकट से राहत मिल सके।

लगातार दूसरे दिन सड़कों पर उतरे किसान

गौरतलब है कि विजयपुर में खाद संकट को लेकर किसानों का यह लगातार दूसरा बड़ा प्रदर्शन है। इससे एक दिन पहले भी किसानों ने स्थानीय तहसील कार्यालय के सामने धरना देकर चक्काजाम किया था। लगातार दो दिनों से चल रहे इस विरोध प्रदर्शन के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात नहीं सुधरे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि वे किसानों की मांग को उच्च स्तर पर पहुंचा रहे हैं और जल्द ही खाद वितरण व्यवस्था को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।