ग्वालियर-चंबल अंचल के श्योपुर जिले में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। यहां पिछले दस दिनों से सोईकलां क्षेत्र और उसके आस-पास के गांवों में एक चीता लगातार घूम रहा है। मंगलवार की सुबह इस चीते ने अपनी लोकेशन बदलते हुए शंकरपुर के समीप से सीप नदी को पार किया और वह रामबाड़ी नहर के पास खेतों तक जा पहुंचा।

खेतों में घूमते चीते को देखने उमड़े ग्रामीण

जब यह वन्यजीव सुबह के वक्त रामबाड़ी नहर के नजदीक खेतों में नजर आया, तो वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय किसानों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो भी बना लिया, जो अब सामने आया है। वीडियो में चीता खेतों के बीच खुले में नजर आ रहा है।

दस दिनों से इन इलाकों में सक्रिय है चीता

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह चीता पिछले करीब दस दिनों से सोईकलां, शंकरपुर, मेवाड़ा और गुरुनावदा समेत कई ग्रामीण इलाकों के आसपास कभी खेतों में तो कभी रास्तों पर देखा जा रहा था। सोमवार तक इसकी मौजूदगी शंकरपुर क्षेत्र के आसपास ही दर्ज की जा रही थी, लेकिन मंगलवार को इसने रुख बदलकर सीप नदी पार कर ली।

जंगल की ओर लौटने की संभावना, विभाग रख रहा नजर

वन विभाग की निगरानी टीम का मानना है कि सीप नदी पार कर रामबाड़ी नहर की तरफ पहुंचना इस बात का संकेत है कि चीता अब जंगल की ओर आगे बढ़ रहा है। लगातार बदलती गतिविधियों को भांपते हुए विभाग की टीमें उसकी सुरक्षा और लोकेशन पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।

लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में चीते की मौजूदगी के कारण किसानों और मजदूरों में सतर्कता का माहौल है। वन अमले ने जनता से अपील की है कि वे वन्यजीव के पास जाने से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि इसे बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से जंगल की तरफ जाने दिया जा सके।