श्योपुर जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुड़ायथा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। राजस्थान की एक निजी स्कूल की बस ने घर के बाहर खेल रही बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
घर के बाहर खेल रही थी मासूम पलक
घटना शनिवार सुबह करीब पौने आठ बजे की है। गिर्राज मीणा अपने घर के बाहर सड़क पर खड़े थे और उनके पास ही उनके भाई धर्मेंद्र मीणा सहित कुछ अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे। इसी दौरान धर्मेंद्र की तीन वर्षीय पुत्री पलक उर्फ निधि मीणा सड़क पर खेल रही थी।
लापरवाही से आई राजस्थान की स्कूल बस
परिजन के अनुसार, राजस्थान के बमोरी स्थित श्री हरि एजुकेशन अकादमी स्कूल की बस क्रमांक RJ28PA2807 कुड़ायथा की तरफ आई। बताया गया है कि वाहन की गति काफी तेज थी और चालक उसे लापरवाही से चला रहा था, जिसने सड़क पर खेल रही बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा होते ही बच्ची के बड़े पिता गिर्राज मीणा ने दुर्घटना को अपनी आंखों से देखा। उन्होंने तुरंत वाहन को रोकने के लिए आवाज लगाई और दौड़कर बच्ची के पास पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दुर्घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को लेकर बड़ौदा अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। हादसे के बाद से बस लेकर भागा चालक रामदयाल मीणा, जो कि मध्य प्रदेश के राजपुरा का निवासी बताया गया है, उसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!