शस्त्र पूजन के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष एवं विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को सोईकलां क्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 12 बजे स्थानीय मिडिल स्कूल परिसर में शस्त्र पूजन का अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसके बाद स्वयंसेवकों ने संगठित होकर आगे की रूपरेखा तय की।

घोष की धुन पर कदमताल करते निकले स्वयंसेवक

पारंपरिक गणवेश में हाथों में दंड थामे स्वयंसेवकों ने घोष की ताल पर अनुशासन और राष्ट्रसेवा का अनूठा संदेश दिया। मिडिल स्कूल से प्रारंभ हुआ यह पथ संचलन गोपालपुरा रोड, गुर्जर मोहल्ला, शिवहरे मोहल्ला, परसावत मोहल्ला, मुख्य बाजार, प्रजापति मोहल्ला, माली मोहल्ला, गौड़ मोहल्ला और बस स्टैंड जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरा।

बौद्धिक सत्र में वक्ताओं ने रखे विचार

संचलन के दौरान आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम में सह विभाग कार्यवाह अतुल शर्मा, जिला प्रचारक अभिजीत मिश्रा, जिला सह कार्यवाह सत्यनारायण शिवहरे और खंड कार्यवाह रामराज मीणा ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व और सामाजिक एकजुटता पर जोर दिया।

रास्ते में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए देहात थाना पुलिस बल मौके पर पूरी तरह तैनात रहा। अंत में यह संचलन मिडिल स्कूल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। इसी प्रकार प्रेमसर क्षेत्र में भी संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पथ संचलन निकाला गया।