दिवाली के पावन पर्व को देखते हुए शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को स्थानीय बाजारों में अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाई गई, जिसके तहत मुख्य मार्गों से अवैध कब्जों को हटाया गया।

पटेल चौक से ब्लॉक कॉलोनी तक हुई कार्रवाई

शुक्रवार को प्रशासन का यह विशेष अमला पटेल चौक से लेकर ब्लॉक कॉलोनी तक सक्रिय रहा। इस दौरान सड़कों और फुटपाथ पर सामान फैलाकर रास्ता बाधित करने वाले कुल 30 दुकानदारों को चिन्हित किया गया और उनसे मौके पर ही 26 हजार 700 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

एसडीएम के नेतृत्व में उतरी संयुक्त टीम

यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर शीला दाहिमा के दिशा-निर्देशों के आधार पर की गई। एसडीएम गगन सिंह मीणा की अगुवाई में राजस्व विभाग, ट्रैफिक पुलिस और नगर पालिका के अमले ने संयुक्त रूप से बाजारों का जायजा लिया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी सीमा के भीतर ही व्यापार करें। सड़क किनारे या फुटपाथ पर सामान रखने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

दुकान के आगे वाहन खड़े करने पर भी रोक

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी दुकानदार अपनी दुकान के बाहर दोपहिया या चार पहिया वाहन खड़े नहीं करेगा, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी हो और जाम की स्थिति बने। नालियों और सड़कों पर सामान फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

स्थानीय प्रशासन का कहना है कि शहर में सुगम यातायात बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर पालिका की टीम अब रोजाना बाजारों का निरीक्षण कर इस तरह के अतिक्रमण पर नजर रखेगी और लगातार कार्रवाई करेगी।