ग्वालियर-चंबल अंचल के श्योपुर जिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूटी सवार दो युवतियों के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है।

मनिहारी का सामान बेचकर लौट रही थीं युवतियां

यह पूरी घटना 25 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजे रायपुरा के नजदीक पाली रोड पर घटी थी। पीड़ित युवतियां मनिहारी का सामान बेचकर अपने घर वापस जा रही थीं, उसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ छेड़छाड़ तथा लूट की घटना को अंजाम दिया।

विरोध करने पर की मारपीट और छीना पर्स

घटना के दौरान जब युवतियों ने आरोपियों का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो उन्होंने मोबाइल छीनकर दूर फेंक दिया। इसके बाद विरोध जताने पर नाबालिगों ने उनके साथ मारपीट की और उनका पर्स छीनकर फरार हो गए, जिसमें 10,050 रुपए नकद रखे हुए थे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही देहात थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के दिशा-निर्देशों के तहत गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सिर्फ 12 घंटे के भीतर तीनों नाबालिग आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पर्स, 10,050 रुपए नकद और वारदात में उपयोग की गई स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस अब तीनों नाबालिगों को श्योपुर स्थित किशोर न्यायालय के समक्ष पेश करेगी।