ग्वालियर। जिले में ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को किया जाएगा। इस दौरान कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 9:45 बजे वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। इसमें प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग शामिल होंगे।

जिला मुख्यालय से विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना होंगे रथ

कार्यक्रम के बाद जिला स्तर पर तैयार किए गए रथों की ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए रथ रवाना होंगे। ये रथ संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे।

यात्रा को लेकर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री और ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से यात्रा को गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा।

सभी वर्गों की भागीदारी पर जोर

प्रभारी मंत्री ने कहा कि यात्रा में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक, साहित्यिक, धार्मिक और खेल जगत से जुड़े लोगों के साथ अन्य वर्गों के नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों का गायन भी होगा। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में आने वाले नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो और सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा यातायात व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

कलेक्टर रुचिका चौहान ने समीक्षा बैठक में बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाने वाली ज्योति कलश यात्राओं के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

समीक्षा बैठक में उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।