सबलगढ़ सब्जी मंडी के गोदाम में भीषण आग, 40 लाख का सामान जलकर राख
सबलगढ़ (मुरैना)। मुरैना जिले के सबलगढ़ स्थित कृषि उपज सब्जी मंडी में बुधवार सुबह एक व्यापारी के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा लहसुन, आलू, प्याज, प्लास्टिक क्रेट, बारदाना सहित अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार व्यापारी को करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
मंडी बंद होने से टला बड़ा हादसा
घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। महीने की पहली तारीख होने के कारण मंडी बंद थी, जिससे वहां लोगों की आवाजाही कम थी। इसी दौरान गोदाम से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

चार दमकलों ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलने के बाद सबसे पहले सबलगढ़ नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन आग की विकरालता को देखते हुए झुंडपुरा, कैलारस और गेल इंडिया से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। करीब एक घंटे बाद पहुंचीं अन्य दमकलों और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास के अन्य गोदाम और दुकानें सुरक्षित बच गईं।
गोदाम का सामान पूरी तरह नष्ट
आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा लहसुन, आलू, प्याज, प्लास्टिक क्रेट, बारदाना के अलावा कूलर, पंखे और अन्य उपकरण भी पूरी तरह जल गए। व्यापारी के अनुसार आग से लगभग 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू
मंडी सचिव राजेंद्र प्रसाद मुद्गल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई थी। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। मंडी प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं तथा वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।v






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!