खाद के लिए लंबी कतारों से मिलेगी निजात

अशोकनगर जिले के किसानों को अब यूरिया और डीएपी जैसी खादों के लिए केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कृषि विभाग की ओर से शुरू की गई नई डिजिटल व्यवस्था के तहत अब वाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से ही उर्वरक की बुकिंग की जा सकेगी।

इस तरह काम करेगी वाट्सएप बुकिंग प्रक्रिया

किसानों को अपने मोबाइल से आधिकारिक वाट्सएप बिजनेस नंबर 6269141000 पर 'Help' या 'Fertilizer' लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके बाद आधार नंबर दर्ज करना होगा और ओटीपी सत्यापन के बाद किसान की जमीन और प्रोफाइल की जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।

सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान अपने जिले, खसरा नंबर और फसल का चयन कर सकेंगे। इसके बाद खाद की मात्रा, प्रकार, अपनी पसंद का ब्लॉक, अधिकृत रिटेलर और खाद उठाने की तारीख चुनी जा सकेगी।

मोबाइल पर मिलेगा क्यूआर कोड वाला टोकन

स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित होने पर सिस्टम द्वारा एक क्यूआर कोड वाला डिजिटल टोकन जारी किया जाएगा। टोकन नंबर, विक्रेता का नाम, खाद की मात्रा और वैधता की पूरी जानकारी सीधे वाट्सएप पर ही प्राप्त हो जाएगी।

रबी सीजन के दौरान खाद की मांग में अचानक बढ़ोतरी होने पर किसानों को केंद्रों पर भारी भीड़ का सामना करना पड़ता था। इस नई डिजिटल पहल से किसानों का समय बचेगा और वे घर बैठे ही तय तारीख के अनुसार खाद प्राप्त कर सकेंगे।