MPCCI चुनाव 2026: प्रवीण अग्रवाल बने नए अध्यक्ष, 617 वोटों से पारस जैन को हराया

ग्वालियर। मध्यप्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (MPCCI), ग्वालियर के वर्ष 2026 के चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार प्रवीण अग्रवाल ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पारस जैन को 617 वोटों से पराजित किया। निर्वाचन समिति द्वारा जारी परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए कुल 3189 मत डाले गए। इनमें प्रवीण अग्रवाल को 1895 वोट प्राप्त हुए, जबकि पारस जैन को 1278/1279 वोट मिले। 18 मतपत्र निरस्त (Rejected) घोषित किए गए। प्रवीण अग्रवाल की जीत के बाद समर्थकों ने चैंबर परिसर में उनका स्वागत किया और जीत का उत्सव मनाया। उन्होंने व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे चैंबर को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उद्योग-व्यापार हितैषी संस्था बनाने के लिए कार्य करेंगे।

सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान

शुक्रवार सुबह 8 बजे मतदान प्रारंभ हुआ, जो पूरे दिन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय के नेतृत्व में चुनाव प्रक्रिया कराई गई। मतदान के लिए कुल 24 मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए थे। मतपत्र वितरण हेतु 14 टेबल स्थापित की गई थीं और प्रत्येक टेबल पर दो-दो निर्वाचन सहायकों की तैनाती की गई थी, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पहचान पत्र के बाद मिला मतदान का अधिकार

मतदाताओं को आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट जैसे वैध मूल पहचान पत्र प्रस्तुत करने के बाद मतदान करने की अनुमति दी गई। मतगणना के दौरान केवल निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी अधिकृत पहचान पत्र रखने वाले प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों को ही प्रवेश दिया गया

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। चैंबर भवन के 100 मीटर दायरे में प्रचार-प्रसार, हथियार, मोबाइल फोन तथा कैमरों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया था। विशेष आवश्यकता वाले मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई थी। साथ ही मतदान केंद्र पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए, जिससे मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

अध्यक्ष पद का परिणाम प्रत्याशी प्राप्त मत प्रवीण अग्रवाल 1895 पारस जैन 1278/1279* निरस्त मत 18 जीत का अंतर 617 वोट