ग्वालियर-चंबल अंचल के मुरैना जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां कैलारस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रीझोनी गांव में एक युवक की सांप के काटने से जान चली गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

बैठक में खटिया पर सो रहा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, रीझोनी गांव निवासी 36 वर्षीय शैलेंद्र सिंह सिकरवार पुत्र मचल सिंह बीती रात अपने घर के बैठक वाले कमरे में खटिया पर सो रहे थे। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। जब शैलेंद्र को अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत अपने परिजनों को नींद से जगाया और सांप के काटने की बात बताई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। वे बिना देर किए शैलेंद्र को लेकर तुरंत कैलारस अस्पताल पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनका परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, जहर पूरे शरीर में फैल चुका था जिसके कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।

राजस्व विभाग के जरिए मिलेगी सहायता

मामले की पुष्टि करते हुए कैलारस थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि युवक की मौत सांप के डसने के कारण ही हुई है। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। अब इस घटना का पूरा प्रकरण राजस्व विभाग के माध्यम से तैयार किया जाएगा और शासन को भेजा जाएगा, ताकि नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।