मुरैना जिले के रिठोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुरवाली गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। यहां एमसएक्स के कारोबार से जुड़ा पुराना विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने घर पर धावा बोलकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

पंद्रह से बीस हथियारबंद लोगों ने बोला हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरगांव के रहने वाले रामेन्द्र सिंह गुर्जर, विक्की गुर्जर, विश्वनाथ गुर्जर और शिवनाथ गुर्जर समेत करीब 15 से 20 लोग हथियारों से लैस होकर बुरवाली गांव स्थित कल्याण सिंह गुर्जर के घर पहुंचे थे। इस दौरान गिरगांव निवासी रामेन्द्र सिंह के एसएएफ में आरक्षक होने की बात भी सामने आ रही है।

आरोप है कि घर के बाहर पहुंचते ही हमलावरों ने गालियां देना शुरू कर दिया। जब परिजनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उग्र होकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

एमसएक्स के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद

इस खूनी संघर्ष के पीछे एमसएक्स कारोबार का वित्तीय लेनदेन मुख्य कारण बताया जा रहा है। गिरगांव निवासी विश्वनाथ गुर्जर एमसएक्स का काम संभालता था, और नारायण सिंह का बेटा पवन उसके यहां नौकरी करता था। इसी कारोबार से जुड़े रुपयों के हिसाब को लेकर दोनों पक्षों के बीच अनबन चल रही थी।

विवाद को निपटाने के लिए इससे पहले गोहद में समाज की एक पंचायत भी आयोजित की गई थी, लेकिन वहां भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। पंचायत विफल होने के बाद ही यह मामला और अधिक गंभीर हो गया।

तीन घायल, वीडियो आया सामने और पुलिस जांच में जुटी

इस अंधाधुंध फायरिंग की चपेट में आने से अजीत गुर्जर, दिलीप गुर्जर और नारायण गुर्जर घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटनास्थल से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं जिनमें कुछ लोग हथियार लहराते और गोली चलाते दिख रहे हैं। रिठोरा थाना प्रभारी एसआई संतोष बाबू गौतम ने बताया कि पुलिस ने मौके से चले हुए कारतूस भी बरामद किए हैं तथा वीडियो और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।