मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हड़वांसी की पुलिया के पास एक कार में मिले हिस्ट्रीशीटर धारा पचौरी के हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के रिश्ते के दो मामा और उसके नाना के खिलाफ हत्या का आपराधिक मामला दर्ज करते हुए दो आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है।

नहर में मिली थी स्कॉर्पियो कार में लाश

गत 7 अक्टूबर को धारा पचौरी का शव हड़वांसी गांव के पास एक कैनाल नहर में खड़ी स्कॉर्पियो कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर लिया था और मामले की गहनता से तकनीकी तथा मैदानी जांच शुरू कर दी थी।

बागचीनी थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने सबसे पहले मृतक के दोस्तों से पूछताछ की। इस दौरान अहम सुराग हाथ लगा कि घटना की रात धारा को उसके रिश्ते के मामा का फोन आया था, जिसमें बेटी की तबीयत खराब होने का हवाला देकर उसे बुलाया गया था।

आपत्तिजनक स्थिति देखने के बाद रची गई साजिश

पुलिसिया पूछताछ में सामने आया कि मृतक धारा पचौरी एक शातिर किस्म का बदमाश था। उसके अपने ही रिश्ते के मामा प्रदीप शर्मा की पत्नी यानी अपनी मामी के साथ अवैध संबंध चल रहे थे। कुछ समय पहले ही मामा प्रदीप शर्मा ने अपनी पत्नी और धारा को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।

हालांकि उस समय आरोपी प्रदीप ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन उसने अपने भाई गजेंद्र शर्मा और पिता रमेश शर्मा के साथ मिलकर धारा को रास्ते से हटाने की पूरी योजना बना ली थी।

छत से नीचे फेंकने के बाद घोंटा गया गला

योजना के तहत 6 अक्टूबर की रात आरोपी प्रदीप ने धारा पचौरी को फोन कर बेटी की तबियत खराब होने की बात कही और अस्पताल ले जाने का झांसा देकर घर बुलाया। जैसे ही धारा वहां पहुंचा, तीनों आरोपी उसे मकान की छत पर ले गए।

आरोपियों ने पहले धारा को छत से नीचे गिरा दिया और इसके बाद उसका गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस अब इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी के प्रयास तेजी से कर रही है।