मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-44 के ओवरब्रिज पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां बुधवार तड़के आगरा की तरफ से आ रही भोपाल नंबर की एक सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार अनियंत्रित होकर अचानक आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी।
रात के वक्त हुआ हादसा, ग्वालियर किए गए रेफर
यह दुर्घटना देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उनकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
तलाशी के दौरान कार से मिले हथियार और नकदी
दुर्घटना के बाद जब पुलिस ने गाड़ी और घायलों की छानबीन शुरू की, तो उनके मोबाइल फोन बजने लगे। परिजनों से हुई बातचीत के आधार पर पुलिस को पता चला कि ये सभी लोग भोपाल के रहने वाले हैं, जबकि उन्होंने पहले पुलिस को गलत पता बताया था। इसके बाद पुलिस ने जब कार की गहराई से तलाशी ली, तो उसमें से एक पिस्टल, एक कटारी, एक रेती और कुछ नगदी बरामद हुई।
मामला संदिग्ध, पुलिस कर रही है जांच
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। कार से मिलने वाली कटारी और रेती आम वस्तुओं से भिन्न हैं। पुलिस इस एंगल पर भी गौर कर रही है कि कहीं ये लोग किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देकर तो नहीं लौट रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार और उसका रजिस्ट्रेशन नंबर वैध पाया गया है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे कहां से आ रहे थे और उनके पास ये हथियार क्यों थे। पुलिस की एक टीम ग्वालियर भेजी गई है और घायलों के होश में आने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!