पगारा रोड पर हुई वारदात

मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पगारा रोड पर बुधवार रात करीब 8:30 बजे एक फल विक्रेता को निशाना बनाया गया। यहां अपना ठेला लगाकर गुजर-बसर करने वाले सुनील प्रजापति पर कुछ लोगों ने अचानक हमला बोल दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हमले में भावेश भदौरिया, लालू त्यागी, सौरभ त्यागी और सूरज त्यागी नामक चार युवक शामिल थे। इन चारों ने ठेले के पास पहुंचकर सुनील के साथ पहले तीखी बहस की और फिर विवाद बढ़ाते हुए मारपीट शुरू कर दी।

सरिया और पाइप से पीटा, राहगीरों ने बनाया वीडियो

हमलावरों की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने फल विक्रेता को पीटने के लिए लोहे के सरिए और प्लास्टिक के पाइप का इस्तेमाल किया। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों और फल खरीदने आए लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया।

घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। इसके बाद पीड़ित सुनील प्रजापति ने थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी

जौरा थाना प्रभारी एसआई पंकज यादव ने बताया कि फरियादी की शिकायत और मौके पर बनाए गए वीडियो साक्ष्य के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

शुरुआती पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई पुरानी रंजिश चल रही थी। हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी और उनसे पूछताछ के बाद ही हो पाएगा।