मुरैना जिले के अंबाह थाना अंतर्गत खजूरी रोड पर गोलीबारी का शिकार हुई महिला की ग्वालियर के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। मृतका की पहचान अर्चना उर्फ बानू तोमर के रूप में हुई है, जिन्हें करीब आठ दिन पहले एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर गोली मार दी थी।
घर के अंदर बच्चों के सामने दिया गया था वारदात को अंजाम
यह खौफनाक घटना 13 अक्टूबर की शाम करीब 6:45 बजे की है। खजूरी रोड स्थित आवास पर उस समय अर्चना अपने तीन बच्चों के साथ मौजूद थीं। उनकी बेटी दीपाली के अनुसार, नीली टी-शर्ट पहने एक युवक अचानक घर के अंदर आया और गोली चलाकर फरार हो गया। जिस वक्त यह वारदात हुई, मृतका के पति शैलेंद्र तोमर खंडवा में निजी नौकरी के सिलसिले में बाहर थे।
वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल अर्चना को तुरंत अंबाह सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मुरैना और फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया था, जहां पिछले आठ दिनों से उनका इलाज जारी था।
सास की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
घटना के संबंध में मृतका की 70 वर्षीय सास जयदेवी तोमर ने अंबाह थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। बुजुर्ग सास ने पुलिस को बताया था कि वे घर के बाहर बैठी थीं जबकि बहू अंदर थी। गोली की आवाज सुनकर वे भीतर पहुंचीं तो नातिनी ने हमलावर के भागने की जानकारी दी। हमला गोली लगने से अर्चना की बाईं आंख के नीचे गंभीर घाव हो गया था।
चार बच्चों की मां के दुनिया से चले जाने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका के तीन बेटियां और एक बेटा है, जिसमें सबसे बड़ी बेटी 15 वर्ष की और इकलौता बेटा मात्र 3 साल का है। पति के दिव्यांग होने के कारण पूरा घर बानू तोमर के सहारे ही चल रहा था।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद पुलिस खाली हाथ
घटना के तुरंत बाद सीसीटीवी फुटेज सामने आ गए थे, जिसमें मुख्य संदिग्ध और उसके साथ चार-पांच अन्य लोग महिला के घर की तरफ जाते हुए नजर आए थे। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस अभी तक मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है और न ही इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों के नाम जोड़े गए हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!