बंटवारे के विवाद को लेकर हुआ था झगड़ा

महुआ थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले रछेड गांव में पारिवारिक कलह के चलते एक महिला ने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठाने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, तीस वर्षीय रामा पत्नी रनसिंह सखवार ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया।

देवरानी पर लगाए गंभीर आरोप

पीडि़ता रामा देवी की मां ने बताया कि घर में संपत्ति के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि रामा की देवरानी पूजा लगातार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थी तथा उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

शनिवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसी कलह और लगातार हो रहे उत्पीड़न से तंग आकर रामा देवी ने यह घातक कदम उठाने का फैसला कर लिया।

बेटे की सूझबूझ से बची मां की सांसें

घटना के वक्त रामा देवी के बेटे शिवम ने अपनी मां को फंदे पर लटकते हुए देख लिया। उसने बिना एक पल गंवाए तुरंत आसपास के पड़ोसियों को मदद के लिए आवाज लगाई।

शिवम ने साहस दिखाते हुए फंदे को काटा और अपनी मां को नीचे उतारा। इसके बाद परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत अम्बाह के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।