मुरैना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस्लामपुरा इलाके में गुरुवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले मारपीट और पथराव की घटना हुई, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंच गया।

थाने में क्रॉस केस दर्ज होने के बाद हुआ हमला

गुरुवार रात करीब 8 बजे इस्लामपुरा में एक ही समुदाय के दो पक्षों में पुराना विवाद फिर से उभर आया। देखते ही देखते दोनों तरफ से गाली-गलौज, मारपीट और पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और दोनों पक्षों को कोतवाली थाने लेकर आई, जहां पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया।

शिकायत दर्ज कराने के बाद एक पक्ष के तीन लोग बाइक पर सवार होकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एमएस रोड पर कोतवाली थाने के सामने घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी बाइक को कार से जोरदार टक्कर मार दी।

30 फीट तक घिसटे बाइक सवार, वीडियो आया सामने

प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए एक वीडियो के अनुसार, कार सवार लोगों ने पीछे से बाइक को टक्कर मारी जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और करीब 30 फीट तक घिसटते चले गए। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार द्वारा बाइक को टक्कर मारे जाने की पुष्टि होती है।

बाइक से गिरने के बाद जब तीनों घायल हो गए, तब भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि कार में पहले से मौजूद लोगों ने बेसबॉल के डंडों और लाठियों से तीनों घायलों पर ताबड़तोड़ हमले किए।

गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किए गए घायल

घायल पक्ष के परिजनों के अनुसार, इस हमले में वकील कुरैशी, इरफान कुरैशी और नबाब कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और सामने आए वीडियो तथा साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश व आगामी कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।