मुरैना जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को एक बार फिर से पलीता लगता नजर आया है। यहां इमरजेंसी वार्ड में तैनात एक डॉक्टर के अपनी ड्यूटी के दौरान अस्पताल से पूरी तरह गायब रहने का गंभीर मामला सामने आया है।

रात आठ बजे से सुबह तक थी तैनाती

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात डॉ. मदन मोहन राजौरिया की ड्यूटी शाम 8 बजे से अगली सुबह 8 बजे तक तय की गई थी। लेकिन तय समय पर डॉक्टर साहब अस्पताल पहुंचे ही नहीं। इस दौरान रात के वक्त इलाज के लिए आने वाले मरीज और उनके परिजन इमरजेंसी में खासे परेशान होते रहे।

अस्पताल के जिम्मेदारों ने जब उनकी तलाश की और फोन पर संपर्क साधने का प्रयास किया, तो उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन दूसरे डॉक्टर को मौके पर बुलाकर इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्था को संभाला गया।

ड्यूटी रूम का वीडियो आया सामने

इस बीच डॉ. राजौरिया से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसे करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा है। इस वीडियो में वे इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टर ड्यूटी रूम के अंदर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, और उनके सामने रखी टेबल पर शराब की खाली बोतल व बीयर की कैन साफ नजर आ रही है। वीडियो में उनके अत्यधिक नशे की हालत में होने का दावा भी किया जा रहा है।

चर्चा है कि ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की हरकतों को लेकर पहले भी उनके खिलाफ शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पूर्व में जब ऐसी शिकायतें प्रबंधन तक पहुंची थीं, तब उन्हें केवल समझाइश देकर छोड़ दिया गया था और कड़ी हिदायत दी गई थी।

सिविल सर्जन ने कही जांच की बात

पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र तोमर ने पुष्टि की कि डॉ. राजौरिया के खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें मिल चुकी हैं, जिस पर उन्हें पहले समझाया गया था। उन्होंने बताया कि अब जो नया वीडियो सामने आया है, उसकी पूरी जांच कराई जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह फुटेज कब का है।

सिविल सर्जन ने यह भी स्पष्ट किया कि शनिवार की रात डॉक्टर के ड्यूटी से गायब रहने और उनका फोन बंद मिलने की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। इस पूरे प्रकरण की जानकारी अब उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है, और उनके द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों के अनुसार ही आगे की विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।