घर के बाहर बैठे थे पूर्व सरपंच

मुरैना जिले के अंबाह अंतर्गत आने वाले डंडोली गांव में वन्यजीव का आतंक सामने आया है। यहां शनिवार की सुबह पूर्व सरपंच रामबीर सखवार अपने घर के बाहर शांति से बैठे हुए थे, तभी एक जंगली सियार (गोदुआ) अचानक वहां आ धमका।

अचानक पीछे से किया हमला

पीड़ित रामबीर सखवार के अनुसार, उन्हें इस बात की बिल्कुल भनक नहीं लगी कि कोई जानवर पीछे से आ रहा है। सियार ने सीधे उनके हाथ और पैर पर हमला कर दिया और काटना शुरू कर दिया। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मदद के लिए दौड़े।

परिजनों ने बचाया और अस्पताल पहुंचे

रामबीर की चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह लाठियों व शोरगुल से सियार को वहां से भगाया। हमले में घायल और खून से लथपथ रामबीर को परिवार के लोग तत्काल अंबाह के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में दी गई एंटी रेबीज वैक्सीन

अंबाह सिविल अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर प्रमोद शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सियार के काटे जाने के बाद पूर्व सरपंच को उपचार के लिए लाया गया था। डॉक्टरों की देखरेख में उन्हें तुरंत एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई है ताकि संक्रमण से बचाव किया जा सके।